30 August 2017

आधी रात की मिले आज़ादी





मुझे रात कुछ ज्यादा ही प्यारी है। रात सड़कें और सफ़र दोनों रोमांचित करते हैं। नाइट शिफ्ट के दौरान रात में कई बार दोस्तों के साथ चाय पी है। उनका ज़ायका ही कुछ और था।
रात सबको उसके हिस्से का स्पेस देती है। जब सारे काम खत्म कर आप खुद के साथ होते हैं। ये स्पेस बहुत जरूरी है।
रात डर के छिपने के लिए नहीं ढूंढने के लिए है। कोई सुर, कोई सड़क...।
आधी रात को हमारा देश आज़ाद हुआ था...वो आधी रात वाली आज़ादी हमारे हिस्से में आनी बाकी है।
रात दूर तक जाती कोई शांत सड़क, किनारे लैंप पोस्ट की मंद रोशनी, झिलमिलाते तारों वाला आसमान, आप किधर को ही मुंह घुमा के चल दें, आपका पीछा करने वाला वो बेशर्म चांद, इस रात के हक़दार तो हम भी हैं।
उस रात अखबार के दफ्तर के बाहर करीब दो बजे हमने बुढ़िया के यहां चाय पी थी। रात दो बजे एक बुढ़िया सड़क पर चाय बना रही थी। उसकी केतली से उठता भाप हवा में जमी ठंड को पिघला रही था। स्मृतियों में जमा वो रात,  रजाई ओढ़कर बिताई गई कई रातों पर भारी है।
और उस रात जब गाड़ी का पेट्रोल लगभग खत्म होने को था। ग्रेटर नोएडा का वो चमचमाता एक्सप्रेस-वे खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। कोई यू टर्न नहीं। अंधेरा सब पर भारी। रात में रास्ता भटक गए तो समझो गए। पर मैं उस रात बच ही गई। पेट्रोल पंप मिल गया। फिर रात को छकाया जा सकता  ये भयावह किस्सा रोमांचक बन गया।

अब इन सारी खुशनुमा रातों में कोई विलेन घुस जाए। कोई वर्णिका सड़क से गुजरे कोई विकास बराला पीछे पड़ जाए। ये रातें जो रोमांचक थीं, भयावह भी हो सकती थीं। और इस डर से रात में घर से निकलना भूल चुकी लड़कियों के हिस्से की कितनी कहानियां, कितनी सड़कें, कितने लैंपपोस्ट, तारों वाला कितना सारा आसमान गायब है।


हम रातों को सड़क पर न निकलें क्योंकि ये सुरक्षित नहीं, दिन के उजाले वाले जेंटलमैन की सीरत रात को बदल जाती है, ये तो भेड़ियोंवाली सी कहानी है। दिक्कत ये है कि सारा सिस्टम इसी बात को सपोर्ट करता है कि लड़कियां रात को घरों से न निकलें। इस पर ज़ोर ही नहीं दिया गया कि हमारी सड़कें रातों को भी सुरक्षित हों। हमारी लड़कियां रातों को भी बेधड़क सड़कों पर निकल सकें। ये सिर्फ लड़कियों के रात में घर से निकलने का मामला नहीं है। इससे लड़के लड़कियों में भेदभाव का हल भी निकलता है। मानिए रात को घर में किसी की तबियत बिगड़ी तो लड़की फटाफट मेडिकल स्टोर जा कर दवा ले आएगी या अस्पताल ले जाएगी। या फिर किसी को देर रात रेलवे या बस स्टेशन छोड़ने जाना हो तो लड़की छोड़ आएगी। आखिर हमारा पूरा समाज लड़कों पर ज़ोर क्यों देता है। ये भी एक वजह बनती है। सुरक्षा।


फिर लड़कियों को संस्कृति का पाठ भर भर के पढ़ानेवाले लड़कों को संस्कृति का स भी नहीं सिखा पाते। रातें हमारी हैं, हमारी हैं, हमारी हैं, रातों पर अपना हक़ हम लेकर रहेंगे। रात हमारे छिपने दुबकने के लिए नहीं है। रात के तकिए पर सिर टिकाकर हम देर तक तारों को देखेंगे, अपने विचारों को गूंथेंगे, किसी रात जब नहीं जी चाहेगा हम नहीं सोएंगे। सुबह होने तक जागेंगे, अपने हिस्से की सड़कें ढूंढ़ेगे और तुम्हारी सड़कों पर अपने नाम के पत्थर लगा देंगे। वर्षा मार्ग, दीप्ती मार्ग, कर्णिका मार्ग वगैरा वगैरा।
बात ये है कि अब लड़कियां ऐसे सपने देख भर नहीं रहीं, ऐसे आंदोलन, ऐसी मुहिम आहूत भी कर रही हैं। वे सड़कों पर निकल रही हैं ये बताने के लिए कि ये सड़कें तुम्हारी बपौती नहीं, हमारी भी हैं, उतनी ही, जितनी तुम्हारी हैं, समझे।

12 अगस्त को फेसबुक की मार्फत बहुत सारी दुस्साहसी महिलाओं ने कुछ ऐसी ही मुहिम को अंजाम दिया। मुंबई में, दिल्ली में, कोटद्वार में और अन्य शहरों की सड़कों पर वे देर रात अपनी आमद दर्ज करा रही थीं। ये मुहिम चंडीगढ़ में हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष के बेटे विकास बराला और उसके दोस्त पर आईएएस अफसर की बेटी वर्णिका के साथ देर रात छेड़छाड़ के विरोध में आहूत किया गया।
(जनचौक वेबसाइट पर प्रकाशित)

No comments: