17 July 2008

प्रजातंत्र

प्रजातंत्र से हमारा अभिप्राय उस सरकार से है जो गधों की होती है और गधों के भले के लिए गधों के द्वारा ही चलाई जाती है। जनता की सेवा करने के इच्छुक गधों की तादाद इतनी ज्यादा होती है कि सरकार बनाने के लिए चुनाव कराया जाता है। इन चुनावों में लाखों रुपयों का खर्च आता है। खर्च के अतिरिक्त शराब, गुंडागर्दी और काले धन का प्रयोग भी बदस्तूर किया जाता है। चुनाव आमतौर पर हर पांच वर्ष बाद होते हैं। चुनाव जीतने के बाद गधा लोग नेता कहलाते हैं। वे टोपी पहनते हैं, सरकारी मोटरों पर चलते हैं, शानदार कोठियों में रहते हैं, भ्रष्ट अधिकारियों की मदद से आए चुनाव के लिए पैसा इकट्ठा करते हैं और बाकी वक़्त में देश के लिए कानून बनाते हैं, सरकार चलाते हैं। जिस दल में ज्यादा गधे होते हैं वही दल सरकार बनाती है और इसी कारण कभी-कभी ऐसी नाज़ुक स्थिति आ जाती है कि दलबदल करने के संदर्भ में एक-एक गधे की कीमत पंद्रह लाख रुपये तक (अब इसे करोड़ में भी गिना जा सकता है)पहुंच जाती है। इतनी भारी रकम के सामने गधा दलबदल न करे तो और क्या करे?
(रवींद्रनाथ त्यागी की रचना)

14 July 2008

किसी भी बात पर अपना निजी अंतिम फैसला सुनाने से पहले एक फिर सोच जरूर लेना चाहिए। जल्दबाज़ी कई बार आत्मघात सरीखी हो जाती है। मैंने भी कुछ ऐसा ही किया। मोहल्ले पर असद जी की कविताओं पर की गई अपनी टिप्पणी पर बहुत शर्मिंदा हुई। अगर मेरे पास अधिकार होता तो मैं अपनी बकवास टिप्पणी को वापस ले लेती। उस टिप्पणी के बाद साहित्य में रुचि रखनेवाले अपने कुछ साथियों से भी बात की। शर्मींदगी और बढ़ गई। असद ज़ैदी जी से बात करने के बाद कुछ राहत जरूर महसूस हुई। और फिर कविताएं तो सांप्रदायिक नहीं हो सकती। अच्छा तो यही है कि हम सांप्रदायिकता के ताने बाने से निकलकर भविष्य के लिए कुछ बेहतर सोचे। हिंदू-मुस्लिम-सिख-इसाई के फसाद में कभी किसी का भला हुआ क्या। कश्मीर हमारे सामने है।

13 July 2008

हमारी आज़ादी, तुम्हारी ज़ंजीरें

हमारी आज़ादी की सभी उड़ानें रद्द हो जाती हैं, जब तय सीमा से ऊंचा उड़ने पर पता चलता है कि एक न दिखाई देनेवाली ज़ंजीर हमारे पैरों में पड़ी हुई है। भरपूर नीला आसमान जहां से दिखाई पड़ने लगता है, दूरियां जहां किसी स्केल पर नहीं नापी जा सकतीं, उस उड़ान का एहसास होने से पहले ही हमारे पंख फड़फड़ाने लग जाते हैं और अचानक पता चलता है कि एक बहुत मोटी ज़ंजीर में पैर जकड़े हुए हैं। इस जंज़ीर का पता उस बंधन के बाद सबसे ज्यादा शिद्दत से महसूस होता है जिसे हम शादी कहते हैं। अचानक पता चलता है अरे मैं तो बंध गई हूं, बंधन में नहीं, ज़ंजीर में। इस ज़ंजीर की ख़ास बात भी होती है। लड़की खुद को इससे छुड़ाने की कोशिश भी नहीं करती। ये ज़ंजीर आदत-मोहब्बत-मुसीबत सब बन जाती है। फिर ज़ंजीर तोड़कर खुला आसमान डराने लगता है, उड़ने की चाह भी दम तोड़ देती है।
हां शुरु-शुरू में वो फड़फड़ाती जरूर है। मदद के लिए कोई नहीं आता। जो आता है वो दुनियारी का रट्टू पाठ पढ़ाता है। ऐसा ही होता है, वैसा ही होता है, फिर फड़फड़ाहट भी कम होने लगती है। ज़िंदगी मशीन सरीखी होने लगती है। हर सुबह एक जैसी, हर दोपहर उनींदी, हर शाम उम्मीदें जगाती, हर रात उन उम्मीदों को दफ्न करती, वो मर चुकी होती है, ज़िंदा होने की सोई तमन्ना के साथ। हां वक़्त के साथ ये स्थिति बदली है। ज़ंजीर कुछ बड़ी हुई है, लेकिन टूटी नहीं। लड़की की ज़िंदगी एक जुआ होती है, दांव लग गया तो लग गया, नहीं तो गए काम से।

05 July 2008


रात में ख़ामोशी, बहार में ख़ुश्बू

चमन में फूल, ज़िंदगी में धूल

आम बात है...

चलती-फिरती सड़क, किनारे ठहरे हुए

भागता वक़्त, ज़िंदगी रूकी हुई

आम बात है...

भूखा पेट, उभरी हड्डियां

सोई हुई आत्मा, जागा हुआ इंसान

दबी हुई चीख, ख़ामोश ज़ुबान

ये भी तो

पर क्यों

आम बात है...

03 July 2008

दो कविताएं, डायरी से

लग जाने दो मुझे ठोकर
वो चोट मेरी अपनी होगी
उंगलियां पकड़-पकड़ चलने से
मेरा वज़ूद टूटता है
कदम गिर-गिरकर
फिर उठेंगे, फिर चलेंगे
और
मेरी वो राह अपनी होगी
मुझे ले लेने दो
मेरे हिस्से का दर्द
साथ निभाओ तो
साथी बनकर
जीवन मेरा
मैं जियूं जी भरकर
वो ज़िंदगी
मेरी अपनी होगी
--------

बहेलिया

रात की कराह पर बांवरा बहेलिया
ले चला सूर्य को हांकता बहेलिया

सरिता की धार पर प्यासा बहेलिया
ग़ुम गए किनारों को ढूंढ़ता बहेलिया

मंदिरों की बाड़ी पर घूमता बहेलिया
देख रहा भूख को नाचता बहेलिया

बंगलों की दहलीज़ पर फिरकता बहेलिया
रोटियों के दर्द को पुचकारता बहेलिया

धुंध के छलावों पर लौटता बहेलिया
ले चला नींद को दुलारता बहेलिया

26 June 2008

एक बिहारी, एक राजस्थानी में कुछ और...

(मूल लेख ब्लॉग में दिख जाएगा)
कुछ और... इसलिए क्योंकि कुछ टिप्पणियों में बिहारवाद पर नाराजगी ज़ाहिर की गई थी। इसे मेरी सफाई और क़िस्सागोई की क्षमता की कमी भी मान सकते हैं। वो लेख मेरे एक राजस्थानी मित्र का अनुभव था। जिसे ब्लॉग में बताने का मक़सद बिहार और बिहारियों के साथ भेदभाव को बताना था। यूपी का होते हुए बिहार मेरे ज्यादा नज़दीक है। राजस्थानी से ज्यादा बिहारी मित्र हैं मेरे। जब किसी को बिहारी कहकर संबोधित किया जाता है तो वो मुझे ज्यादा अप्रिय लगता है। बिहार के आईएएस को दिल्ली का एक बस कंडक्टर भी बिहारी बोलकर ख़ारिज कर देता है। ऐसे मुद्दों पर कई बार मेरी बहस हो जाती है। पर मेरे लेखन से किसी को ठेस पहुंची हो तो सॉरी है भाई।

आपके घर में कोई जेंट्स है?

सुबह क़रीब 9 बजे डोर बेल बजी। नींद में लड़खड़ाती हुई वो दरवाजे तक पहुंची। आंख मलते हुए दरवाजा खोला। बाहर 16-17 साल का सेल्समैन खड़ा था। टाई-शाई लगाए हुए। वो वाटर प्यूरीफायर बेच रहा था। दरवाजा खुलते ही उसने अपना परिचय देना शुरू किया। फलां-फलां कंपनी से आया हूं, फलां-फलां वाटर प्यूरीफायर लाया हूं। फिर उसने लड़की से बड़े सहजभाव से पूछा आपके घर में कोई जेंट्स है। उसके इस सवाल पर पहला खयाल तो आया कि इस नौजवान को किसी ने बुलाया होगा, वक़्त दिया होगा और उसने गलती से गलत दरवाजे पर दस्तक दे दी है। लड़की बोली - यहां कोई जेंट्स नहीं रहता। लड़की नौकरीपेशा थी, पहले अकेले फिर अपनी कुछ सहेलियों के साथ रहती थी। लड़के को बात हजम नहीं हुई। वो हंसकर बोला -ऐसा कोई घर नहीं हो सकता, जहां कोई जेंट्स न रहता हो। लड़की ने झल्लाकर पूछा तुम जेंट्स को ही क्यों पूछ रहे हो? इस सवाल के बाद उसकी झल्लाहट खत्म हो गई थी। सेल्समैन ने जवाब दिया- घर के फैसले तो जेंट्स ही लेते हैं न। वो वॉटर प्यूरीफायर बेचने आया था और उसके मुताबिक घर के अंदर-बाहर खरीदने की क्षमता-फैसला लेना तो जेंट्स का ही काम है।
उसने सेल्समैन से पूछा तुम्हारे घर में फैसले कौन लेता है- पापा या मम्मी। वो थोड़ा शरमा गया। बोला- वैसे तो घर में चलती मम्मी की ही है लेकिन आखिर में तो पापा ही फैसला करते हैं। फिर उसने इस छोटी-गंभीर-मजेदार वार्ता को खत्म कर दिया और मशीन के डेमो के लिए वक़्त मांगने लगा। लड़की ने भी उसे अपने ज़रा से खाली समय में से सबसे ज्यादा खाली रहनेवाला समय दे दिया और पूछा- इस वाटरप्यूरी फायर की कीमत कितनी है। वो बोला छत्तीस सौ रुपये। लड़की बोली- वैसे मैं ये खरीदूंगी नहीं। वो हंसा और बोला-आप कुछ अजीब हैं।