28 March 2009

कल आंधी आयी थी

आंधी की ध्वनि कितनी गहरी होती है। सिर्फ सुनकर मन डर जाता है, जैसे प्रकृति नाराज़ हो रही हो या फिर रोमांच भरा कोई खेल चल रहा हो हवाओं का, हवा की तीव्रता, जिसमें सब कुछ उड़ा देने का आवेग हो, वृक्ष जैसे अपने पत्तों की सरसराहट से हवा को संदेश देते हों, कहीं कुछ टूटने-फूटने की आवाज़, जम चुकी धूल को उड़ाकर आंधी जितनी तेज़ी से आती है, उसी तेज़ी से लौट जाती है, अगले दिन धूल साफ करते वक़्त फिर याद आता है कल आंधी आयी थी न।

आह!, मीठा सा स्वाद, आम का, इस मौसम की इस आंधी में आम भी तो टूटते हैं, ये स्वाद, ये रोमांच, हवा की ये बेलगाम दौड़ इतना सबकुछ महसूस करने का वक़्त कहां चला गया?


कल आंधी आयी थी, छुट्टी का दिन था, इसीलिए ये सब देखने-सुनने-अनुभव करने का मौका मिला। सोचने का मौका मिला। किचन के एग्ज़ाज्ट फैन के पंख तेज़ी से घूमने लगे थे और तभी आंधी की आवाज़ कहूं या ध्वनि सुनायी दी। अच्छा लगा था।

मैंने अपने कमरे की छत पर आर्टिफिशियल चांद-सितारे चिपका रखे हैं। रात में उनकी चमक देखकर लगता है सचमुच के तारे दिखते तो कितना अच्छा होता। यहां न छत है, न वक़्त।

हालांकि वक़्त का इतना रोना अच्छा नहीं, नींद के घंटे कम कर पाती, तो वक़्त आ जाता। पर क्या करुं, ये भी नहीं होता।

कल डिस्कवरी पर एक प्रोग्राम भी आ रहा था, जब आंधी आ रही थी उसी वक़्त।
इंसान की बनायी गई मशीनें, इंसान से ज्यादा ताकतवर हो जाएंगी। मशीनों से लड़ने के लिए इंसान के दिमाग़ में मशीनों को फिट कर, उसे ज्यादा ताकतवर बनाए जाने पर प्रोग्राम था। साइबर्ग...यानी आधा इंसान, आधी मशीन। सोचा, अच्छा है हम इस वक़्त में जी रहे हैं आनेवाला वक़्त तो और खतरनाक होगा। यहां आंधी, चांद-तारों की बात तो की जा रही है, आनेवाले कल में सिर्फ मशीनें ही होंगी। यहां “आई रोबोट” फिल्म देखने का सुझाव भी देती हूं।

यहां स्कूल के कोर्स में पढ़ी गई एक अंग्रेजी कविता भी याद आ रही है, लूसी ग्रे की। जिसमें वो प्रकृति की बेटी होती है शायद। कविता पूरी याद नहीं, अगर मिल जाती तो यहां जरूर चिपका देती।

14 March 2009











हाईवे ऑन माई व्हील्स कर के एक पोस्ट डाली थी। टिप्पणियों ने विश्वास डिगाने की पूरी कोशिश की। इस बार फोटुआ डाल रही हूं, अपनी भी, हाईईईईवे के साथियों की भी।

07 March 2009

औरत की ज़िन्दगी : रघुवीर सहाय


कई कोठरियाँ थीं कतार में
उनमें किसी में एक औरत ले जाई गई
थोड़ी देर बाद उसका रोना सुनाई दिया


उसी रोने से हमें जाननी थी एक पूरी कथा
उसके बचपन से जवानी तक की कथा

05 March 2009

बचपन के मास्टर




कभी-कभी मुझे बचपन के स्कूल टीचर्स का ख्याल आता है। उनसे जुड़ी तमाम यादें दिमाग की कोशिकाओं में छिपी हुई हैं। उनका पढ़ाना, उनके पढ़ाने का तरीका सबकुछ। टीचर अच्छा हो तो पढ़ाई भी अच्छी होती है, टीचर पर बहुत कुछ निर्भर करता है।

छठी क्लास में हमारे एक 'सर' हुआ करते थे। नाम था प्रमोद कुमार सिंह, हम उन्हें पीके सर कहकर बुलाते थे, पीके पर ज़रा ज़ोर डालकर। वो अच्छा पढ़ाते थे। इसीलिए तब मेरी साइंस बहुत अच्छी थी। सारी क्लास को हथेली पर स्केल खानी पड़ती थी, पर मुझे मिलाकर कुछ और लोगों को ये आशीर्वाद नहीं मिल पाता था।

एक थे मिश्रा सर। दांत बड़े-बड़े, मूंछें दांतों को छूती हुई। संस्कृत पढ़ाते थे। एक चैप्टर से एक-एक वाक्य सभी को बोलना होता था। बच्चे रटंत विद्या पर लग जाते थे, सर के खर्राटे पर संस्कृत के शब्द कंपकंपाने लग जाते थे।

और एक तो बहुत ही दुष्ट किसम के सर थे। त्रिपाठी सर। बस गुस्साना जानते थे। जब तक उन्होंने मैथ्स पढ़ाई, किताब खोलने का जी नहीं चाहता था। अगली क्लास में मास्टर बदल गया और गणित के सूत्रों की हमारी समझ में जान आ गई।

ऐसा नहीं कि गुस्सैल मास्टर बुरा होता हो। सुधा मैडम। इंटर में वो हमें फिजिक्स पढ़ाती थीं। हमने उनकी ट्यूशन ली थी। क्लास का तो पता नहीं पर ट्यूशन का असर हुआ। फिजिक्स मुझे पसंद आ गई।

लेकिन मैथ्स के अच्छे टीचर्स नहीं मिले मुझे। सब रटंत विद्या घटंत बुद्धि वाले थे। मेरी बदकिस्मती, मेरा दोष।

आखिर में अपनी डांस की दो टीचर्स के बारे में भी। आरती और मीना मैम। दोनों की बेटियां बाद में मेरी पक्की सहेली बन गई थीं। बेटियों की सहेली बनते ही मुझे डांस में आगे की जगह मिलने लगी। नहीं तो पीछे धकेल दी जाती थी। ये बात मुझे बाद में समझ आई।

और भी बहुत सारे टीचर हैं, जिनसे जुड़ी कई बातें याद हैं। यादों को ठीक-ठीक लिख पाना मुश्किल होता है। वो यादों में ज्यादा सुंदर लगती हैं, शब्दों में वो बात नहीं आ पाती।

12 February 2009

प्रेम के पक्ष में..





प्रेम पर लिखी कोई कविता मैंने पहली बार पढ़ी है तो वो यही है। कुछ मायने तो मैंने समझे होंगे इसके, क्योंकि इसकी पहली लाइन में कभी नहीं भूली। मैं इसे प्रेम कविता मान रही हूं, वैसे इसका अर्थ ज्यादा बड़ा है।


कबीर यहु घर प्रेम का, खाला का घर नाहिं
सीस उतारै हाथि करि, सो पैठे घर माहिं



******
ये कविता मैंने अपनी कज़िन की डायरी से नोट की थी। उसी ने पढ़ाई थी। तब बहुत पसंद आई थी मुझे। बचपने की बात है।

फिर नदी अचानक सिहर उठी
ये कौन छू गया सांझ ढले
संयम में बैठे रहना ही
जिसके स्वभाव में शामिल था
दिन रात कटावों के घेरे में
ढहना जिसका शामिल था
वो नदी अचानक लहर उठी
ये कौन छू गया सांझ ढले

*******

ये कविता भी मैंने अपनी डायरी से उठायी है। ओशो टाइम्स से डायरी में नोट की थी।


तारकों को रात चाहे भूल जाए
रात को लेकिन न तारे भूलते हैं
दे भुला सरिता किनारों को भले ही
पर न सरिता को किनारे भूलते हैं
आंसुओं से तर बिछुड़ने की घड़ी में
एक ही अनुरोध तुमसे कर रहा हूं
हास पर कर लेना मेरे संदेह भले ही
आंसुओं की धार पर विश्वास करना
प्राण मेरे प्यार पर विश्वास करना


********

सबसे आखिर में
कोई अनुवादित किताब थी। नाम भूल गई हूं। कजाकिस्तान या इस किस्म की जगह का कोई उपन्यास(मूर्खता के लिए क्षमा करें)। उस किताब का एक अंश मेरे ज़ेहन में हमेशा ताज़ा रहता है। लड़का, लड़की को छोड़ कहीं दूर किसी दूसरी जगह जा रहा होता है। वो परेशान होती है, कहीं वो उसे भूल न जाए, किसी और के साथ न चला जाए। वहीं पर इस फिलॉस्फी का ज़िक्र है।

"अपने प्रेम को परिंदे की तरह आज़ाद छोड़ दो। अगर वो तुम्हारा है तो तुम्हारे पास लौटेगा। अगर वो नहीं लौटा तो वो तुम्हारा था ही नहीं।"

प्रेम के पक्ष में.




अंग्रेजी गायिका हैं रॉग्जेट(roxette)। ये जरूर प्यार ही था, पर अब ये खत्म हो चुका है, ये जरूर अच्छा था, पर मैंने इसे खो दिया है। (It must have been love, but it's over now, It must have been good, but I lost it somehow)। प्रेम के पक्ष में इस गाने के बोल। गाना सुनने की इच्छा हो तो आप नेट पर इसे ढूंढ़ सकते हैं। मुझे तो बोल ही बहुत पसंद हैं।



Lay a whisper on my pillow
Leave the winter on the ground
I wake up lonely, is there a silence
In the bedroom and all around

Touch me now, I close my eyes
And dream away...

It must have been love, but it's over now
It must have been good, but I lost it somehow
It must have been love, but it's over now
From the moment we touched till the time had run out

Make believing we're together
That I'm sheltered by your heart
But in and outside I turn to water
Like a teardrop in your palm

And it's a hard winter's day
I dream away...

It must have been love, but it's over now
It was all that I wanted, now I'm living without
It must have been love, but it's over now
It's where the water flows, it's where the wind blows

It must have been love, but it's over now
It must have been good, but I lost it somehow
It must have been love, but it's over now
From the moment we touched till the time had run out

10 February 2009

प्रेम के पक्ष में



ये फ्रांसीसी कथाकार मोपासां की कहानी प्रेम का अंश है। कहानी शुरू होती है दो शिकारियों से,जिन्हें बहता हुआ नहीं बल्कि ठहरा हुआ पानी पसंद है। क्योंकि वहां पक्षी और दूसरे जीव रहते हैं, शिकार के लिए वो ऐसे ही एक दलदली इलाके में जाते हैं...बर्फ़ की चादर में लिपटी सर्द रात गुजारने के बाद पक्षी सुबह को जगाते हैं.....(कहानी का अंत है ये)

दिन निकल आया था और आकाश भी एकदम साफ था। हम वापस जाने की सोच रहे थे कि तभी दो पक्षी पंख फैलाये हुए तेज़ी से हमारे ऊपर से निकले। मैंने गोली चलाई और उसमें से एक मेरे पैरों के पास आकर गिरा। वह एक बहुत ही सुंदर हंसनी थी। अचानक ऊपर नीले आसमान में, मैंने एक आवाज़ सुनी, एक पक्षी की आवाज़। दूसरा पक्षी, जिसे बख्श दिया गया था, हमारे ऊपर मंडराने लगा। वह दिल चीर देनेवाले स्वर में बार-बार चीख रहा था और अपने मृत साथी को देख रहा था जिसे मैंने उठा लिया था।

कार्ल घुटनों के बल बैठकर उसका निशाना साधने लगा और कहा, "तुमने हंसनी को मार दिया है। अब यह हंस यहां से नहीं जाएगा।"
वह वाकई वहां से नहीं जा रहा था और हमारे ऊपर मंडरा रहा था। उसका करुण रुदन जारी था। पीड़ा की आहों-कराहों से मैं कभी इतना द्रवित नहीं हुआ था जितना उस बेचारे पक्षी की दर्दभरी चीख से।
कभी-कभी वह बंदूक के डर से उड़कर दूर चला जाता और लगता कि वह अकेला ही आगे उड़ जाएगा, लेकिन फिर वह अपने साथी के पास लौट आता।
कार्ल ने मुझसे कहा, उसे ज़मीन पर रख दो। धीरे-धीरे वह क़रीब आ जाएगा।
वाकई वह हमारे बिल्कुल करीब आ गया। अपनी मृत संगिनी के प्रति उसके पशुवत प्रेम, उसके गहरे लगाव ने उसे खतरे के प्रति बेपरवाह कर दिया था।
कार्ल ने गोली चलाई। लगा जैसे आकाश में टंगा वह हंस ज़मीन पर इस तरह गिरा जैसे उसकी डोर किसी ने काट दी हो। मैंने कोई चीज़ नीचे आती देखी और नरकुलों के बीच कुछ गिरने की आवाज़ सुनी। पिएरो उसे उठा लाया।
दोनों ठंडे पड़ चुके थे- मैंने उनको एक ही थैले में डाल दिया और उसी शाम वापस पेरिस चला गया।