06 March 2014

अपनी दुनिया की 'हीरो'




मेरी बेटी को डोरेमॉन बहुत पसंद है। वो छोटा भीम देखती है। कृष्णा देखती है। ऑगी देखती है। टॉम एंड जेरी देखती है। उसकी कल्पना के संसार में डोरेमॉन, छोटा भीम, कान्हा, ऑगी जैसे कैरेक्टर हैं। एक ताकतवर हीरो के रूप में उसके सामने छोटा भीम है। एक स्मार्ट कैरेक्टर डोरेमॉन का है। कान्हा की बदमाशियां हैं, कान्हा बुरे लोगों को मारता है।
पिछले दिनों अपनी चार साल की बेटी की बातों से मैंने जाना कि वो खुद को कमज़ोर मानने लगी है। वो ये जानने लगी है कि लड़कियां शारीरिक तौर पर कुछ कमज़ोर होती हैं। गौर करनेवाली बात है कि वो कोमलता की बात नहीं कर रही थी, कमज़ोरी की बात कर रही थी। मैं परेशान हुई और लगातार इस बारे में सोच रही थी। उसे समझाने की कोशिश कर रही थी कि असल ताकत तो दरअसल दिमाग में होती है। चार साल की बच्ची का आत्मविश्वास कैसे बढ़ाया जाए। ये आसान बात तो नहीं।
मैंने ग़ौर किया कि मेरी बेटी की कार्टून सीरियल की दुनिया में कोई लड़की कैरेक्टर नहीं। डॉरेमॉन में शुजुका है लेकिन उसका किरदार साइड कैरेक्टर जैसा ही है। छोटा भीम में छुटकी का किरदार भी साइड लाइन वाला ही है।
फिर मैंने ऐसे कार्टून तलाशने शुरू किए जिसमें मज़बूत लड़की किरदार हो। ऐसे कार्टून सीरियल मिले तो लेकिन वो कामयाब सीरियल नहीं हैं। पावरपफ गर्ल्स समेत कुछ और ऐसे कार्टून के बारे में मैंने जाना। फिर मैंने ये भी सोचा कि लड़की कैरेक्टर वाले कार्टून खूब क्यों नहीं देखे गए। पॉप्युलर क्यों नहीं हुए। वो ऐसे बने नहीं। बने तो फिर उन्हें देखनेवाला दर्शकवर्ग (चाहे वो बालदर्शक ही क्यों न हों) ये बात स्वीकार नहीं कर सका कि लड़कियां भी चमत्कृत ढंग से कुछ काम कर सकती हैं। बच्चों की दुनिया में एक तरफ स्पाइडरमैन, सुपरमैन, बैटमैन हैं। जो बुरे लोगों और बुराई से लड़ते हैं। लोगों की मदद करते हैं। लेकिन इसके दूसरे छोर पर कोई स्ट्रॉन्ग वुमन किरदार नहीं है। फिल्म और सीरियल बनानेवाले लोगों ने ऐसे स्त्री किरदार को गढ़ने में कोई ख़ास दिलचस्पी नहीं दिखायी। उसे कामयाब करने के लिए कोई फॉर्मूला नहीं सोचा। जबकि हर कार्टून सीरियल में हीरो की एक ख़ास स्त्री दोस्त है, जो उसे समझती है, उसकी दोस्त होती है, उसके साथ मिलकर दुश्मनों से मुक़ाबला करती है लेकिन वो उस सीरियल की ‘हीरो’ नहीं होती।

झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के किरदार पर टेलिविज़न में काम तो हुआ। मगर ऐसा प्रभावी नहीं कि लोग उस सीरियल को बार-बार याद करें और देखना चाहें। कल्पनाशक्ति से नए और प्रभावी फीमेल कैरेक्टर्स उस तरह गढ़े नहीं गए। सोप ओपेरा में तो औरतों की कमज़ोर, झगड़ालू या फिर सती सावित्रीवाली छवि दर्शायी जाती है। जो और भी खराब और खतरनाक है। बच्चियों की दुनिया का क्या। बार्बी, स्नोव्हाइट परियों की सी कहानियां हैं। सिन्ड्रेला एक अच्छा राजकुमार चाहती है। ये सीरियल बच्चियों को मज़बूती तो नहीं देते हां उनके कोमल सपनों के संसार को विस्तार देते हैं।
हमारे निर्माता-निर्देशकों,फिल्म-टेलिविज़न से जुड़े लोग क्या छोटी बच्चियों के लिए वो कोई ऐसा मजबूत किरदार नहीं गढ़ सकते, जो लड़की हो, अपने दिमाग़, अपने हौसले से मुश्किलों को आसान करती हो। बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना करती हो।  
जबकि असल दुनिया में तो ऐसे बहुत से किरदार हैं। इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, मायावती, जयललिता ये देश और राज्य को लीड करनेवाली महिलाएं हैं। सिनेमा तो समाज का आइना होता है। सिनेमा ऐसा कोई किरदार नहीं गढ़ पाया जो बच्चियों को उनके टेलिविज़न की दुनिया में एक महिला लीडर दे। लड़कियों के सामने कोई तो मज़बूत कैरेक्टर हो जिसकी तरह वो बनना चाहें।



जबकि इस समय में बच्चियां अपने ईर्दगिर्द अपेक्षाकृत मजबूत महिलाओं को देख रही हैं। जो स्कूल-कॉलेज-दफ्तर जा रही हैं। हालांकि घर में ज्यादातर वो पुरुष सदस्य का प्रभुत्व देखती हैं। लेकिन हमारी दुनिया के समय से इनकी दुनिया के समय में अपेक्षाकृत मजबूत महिलाएं दिख रही हैं। जो अपने फैसले खुद ले रही हैं। जो अपनी इच्छाओं को बात-बात पर मारती नहीं। बची हुई आखिरी रोटी नहीं खातीं। लड़कियों की दुनिया में अब स्कूल, स्कूल के बाद कॉलेज, कॉलेज के बाद ऑफिस की तस्वीर साफ हुई है। यानी एक कामकाजी,मज़बूत महिला की।



अपनी बेटी को बढ़ता देख मैं समझने की कोशिश कर रही हूं कि कैसे लड़कियों की दुनिया बुनी जाती है। उनके दिमाग़ में चित्र गढ़े जाते हैं। जिसमें धीरे-धीरे बच्चियां स्वीकार कर लेती हैं कि वो कुछ कमतर हैं, वो अपनी दुनिया की हीरो नहीं, साइडलाइन कैरेक्टर हैं, हीरो की दोस्त हैं। जो इसे नहीं स्वीकार करतीं रिबैलियस कहलाती हैं। मैं चाहती हूं लड़कियों की दुनिया में ज्यादा से ज्यादा रिबैलियस हों। सीधा होना अच्छा तो है मगर सफल नहीं।


 (चित्र गूगल से साभार)

24 February 2014

किताबों की बातें


इस बार पुस्तक मेले का इंतज़ार ऐसे कर रही थी जैसे कॉलेज के दिनों में लड़के-लड़कियां वेलेनटाइन डे का इंतज़ार करते हैं। मैंने तय कर लिया था इस बार किताबें जरूर खरीदूंगी। दरअसल किताबें खरीदे हुए भी ज़माना बीत गया था। पत्र-पत्रिकाओं के साहित्यिक कोनों में ही जिज्ञासा शांत कर ली थी। एक पूरी किताब पढ़े हुए दो-चार साल गुजर गए। दरअसल हर रोज खबरों की दुनिया में कांटछांट करते रहने की वजह से भी शायद ऐसा रहा हो। दरअसल ये....दरअसल वो....हैं तो ये सब बहानेबाज़ियां हीं। इसलिए इस बार मैंने पहले ही महीने के आखिर में खत्म होती तनख्वाह में से बजट भी आवंटित कर लिया था।
सचमुच किताबें खरीदने में हम कितनी गरीबी दिखाते हैं। किताबें हमें महंगी लगती हैं जबकि उन्हीं पैसों को चाट-बर्गर खरीदने में ख़ुशी-ख़ुशी उड़ा देते हैं। ये भी हिंदी जगत की ग़रीबी ही है।

पुस्तक मेला देखने के लिए हमने शनिवार-रविवार का दिन नहीं चुना। साप्ताहंत में कुछ ज्यादा ही भीड़ हो जाती है। यानी मुश्किल हो जाती है। हम गुरूवार को यहां पहुंचे।
पहले हॉल नंबर 14। यहां गैर हिंदी भाषी राज्यों के ज्यादातर स्टॉल्स थे। एक चक्कर पूरा कर हॉल नंबर 18 में गए। यहां किताबों की पूरी दुनिया बसी थी। इतनी किताबों में से अपने लिए चंद किताबें छांट पाना सचमुच बहुत मुश्किल काम है। ऐसा नहीं कि आप कुछ भी ले आओ फिर उसे पढ़ न पाओ। किताबों के पन्ने पलट-पलट कर कुछ शब्द पढ़ती, क्या ये मेरी रूचि पर खरी उतरती हैं। किताबें खरीदने से पहले बहुत समझ न रखनेवाले लोग भी कितने जजमेंटल हो जाते हैं। मैं तो बहुत थोड़ा जानती हूं। शुरू में तो मुझे कुछ समझ नहीं आया। कौन सी किताब लूं। कुछ बहुत अच्छी लग रही थीं, महंगी भी, खरीद भी सकती थी, मगर वो मुझे कितनी समझ-पसंद आएगी,पता नहीं। कई किताबों के पन्ने उलटे। कई स्टॉल्स के चक्कर लगाए। इच्छा तो चुल्लू में समंदर भर लेने की थी। बहुत अच्छा लग रहा था। चारों ओर किताबों की ख़ुशबू थी। नई किताब की अपनी ही अलग ख़ुश्बू होती है। पुरानी किताबों की अपनी महक। किताबों के पन्ने पलटने की सरसरी सी धुन थी। पेज नंबर 79 पर एक वाक्य पढ़ा, 96 पर दूसरा....क्या इससे किसी किताब के बारे में कोई राय तय की जा सकती थी। बिलकुल नहीं।
अलग-अलग स्टॉल्स, मेज़ों पर, ताखों पर, आलमारियों में....किताबें बुला रही थीं। ये लिखना भी अच्छा लग रहा है कि किताबें गा रही थीं, गुनगुना रही थीं। कई स्टॉल्स पर बाहर खड़े लोग भी, आइये, यहां किताबें आपको अच्छी लगेंगी, एक बार आकर देख लीजिए...।
 ये किताबों का मेला है। चारों ओर किताबें ही किताबें हैं। ले लो, चुन लो, पढ़ लो। कौन सी किताब आपके पास आएगी।
पुरानी बात कई-कई बार कही गई है कि किताबें अपना पाठक चुन ही लेती हैं। एक किस्से का भी जिक्र याद आ रहा है। कोई बेहद महत्वपूर्ण किताब, जिसकी कुछ ही प्रतियां छपीं थीं, एक शख्स अनजाने में उसे कबाड़ीवाले को बेच देता है। कबाड़ में से झांकती उस किताब पर किसी ज्ञानी की नजर पड़ गई, वो उस किताब को किसी मोती की तरह समंदर से चुन कर लाया जैसे। माफ कीजिएगा कि मैं उस किताब का नाम नहीं बता पा रही, बस किस्सा याद रह गया है मुझे। और ऐसे तय हुआ कि एक अच्छी किताब अपने लिए अच्छा पाठक ढूंढ़ ही लेती है। मुझे ऐसा लगता है कि शायद मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ हो। रूसी साहित्य से पहले मैंने कुछ ही किताबें पढ़ीं थीं। हालांकि यूपी बोर्ड में हिंदी के स्लैबस में बहुत सारा बेहतरीन साहित्य हमें पढ़ाया गया। बहुत सारी कहानियां हमने पढ़ीं। परीक्षा की किताबों में उनके उत्तर लिखे। जिनके बारे में बहुत बाद में और जानने को मिला। किताबों की दुनिया में प्रवेश जिस शख्स के ज़रिये हुआ उसे मैं नहीं जानती थी। दोस्तों की मंडली में किताबें एक से दूसरे में सर्कुलेट होतीं। मेरा नंबर तीसरा होता। पुनरुत्थान, पूर्वबेला, मां, हिरोशिमा के फूल-वियतनाम को प्यार, बौड़म समेत कई अदभुत किताबें पढ़ने को मिलीं। रूसी साहित्य का अकूत भंडार खुला। जो शख्स वो किताबें मुहैया कराता था उससे एक बार ही मिलने का मौका मिला जब परीक्षा के चक्कर में एक किताब मैं तय वक़्त पर लौटा नहीं सकी थी। तब से किताबों का चस्का लगा।

पुस्तक मेले में पहले भी जा चुकी हूं। चूंकि इस बार कोई चार-पांच साल बाद गई थी, जैसे एक लंबी नींद टूटने के बाद गई थी। इसलिए बहुत अच्छा लगा। इसके लिए शुक्रिया ‘मित्र’ राजेश डोबरियाल का। राजकमल प्रकाशन से जब उन्होंने पेपरबैक संस्करण से किताबें चुननी शुरू कीं तो मुझे भी हौसला मिला। जनचेतना, गार्गी प्रकाशन से कुछ किताबें चुनीं। बहुत सारी पढ़ी हुई किताबें भी दिखीं। उन्हें देखकर अच्छा लगा। गार्गी प्रकाशन में तो मुझे बहुत अच्छा लगा। टॉफी से सस्ती किताबें। दो रुपये-तीन रुपये की किताबें। भले ही वो तीन-चार-पांच पन्ने की हों पर वो एक पूरी बात थीं। दस रुपये बीस रुपये की किताबें। महंगीवाली भी थीं। लेकिन अगर किसी चीज-किसी बात को लोकप्रिय बनाना हो, ज्यादा लोगों तक पहुंचाना हो, तो ये भी एक अच्छा आइडिया है। वैसे भी हमारे देश में फालतू बातों पर बहुत पैसे फूंक दिए जाते हैं। असल बात पर सरकार की जेब खाली रहती है। व्यक्ति के तौर पर हमारा भी यही हाल है। यहां गार्गी प्रकाशन से ही खरीदी गई ‘सुल्ताना का सपना’ का जिक्र जरूर करूंगी। रुकय्या शखावत हुसैन की एक कहानी है ये जिसका अनुवाद आशु वर्मा ने किया है। बीसवीं सदी की शुरुआत की कहानी है ये। औरतों के हक़ के पक्ष में इतनी खूबसरत कहानी आप सब जरूर पढ़िये।

पुस्तक मेले में बड़े प्रकाशकों की स्थिति अलग होती है, छोटे-नए प्रकाशकों की स्थिति अलग। होनी ही है। साहित्य जगत के माहिर लोग छोटे प्रकाशकों का मज़ाक भी खूब उड़ाते हैं। वहां एक कोने में एक पुराना साथी भी मिला। नौकरी छोड़ जो किताबों की दुनिया में चला गया है। एक प्रकाशन शुरू किया। अपनी भी दो किताबें दिखायीं। मीडिया शोध पर थीं। खबरिया चैनलों का मोह छोड़ पाना आसान नहीं। मगर उसे शाबाशी देती हूं उसने कर दिखाया। नौकरी छोड़ने की हिम्मत कुछ ही कर पाते हैं। यहां बहुत सारे वो लोग भी याद आ रहे हैं जो नए प्रकाशक या नए लेखक का स्वागत नहीं करते। खिल्ली उड़ाने, मुंह बिचकाने से नहीं चूकते।


पुस्तक मेला इसलिए भी ख़ास है क्योंकि पुस्तकें आसानी से मिलती नहीं। मैं जहां रहती हूं चारों तरफ बाज़ार ही बाज़ार है। मॉल ही मॉल। ब्रांड ही ब्रांड है। सस्ता, महंगा, और महंगा....हर तरह का बाज़ार। लेकिन किताब की एक भी अच्छी दुकान नहीं। मेरी वायलिन का तार एक बार टूट गया तो वाद्ययंत्रों की एक भी दुकान नहीं मिली। नोएडा के एक बड़े बाजार में एक बेहद छोटी सी दुकान ढूंढ़ी जिसका दुकानदार वहां था नहीं, खबर दी जाने पर बहुत देर बाद लौटा, इससे पता चलता है कि उसकी दुकान कितनी चलती होगी।  जो बाज़ार बड़ा होता गया वो सिर्फ कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गैजेट्स, गाड़ियां, रेस्तरां, मैकडॉनल्ड, पिज्जा हट जैसी चीजें ही शामिल हैं। छोटे-मोटे किताबों के स्टॉल तो मिलते हैं। उनमें ज्यादातर पत्रिकाएं होती हैं, कुछ अंग्रेजी उपन्यास। किताबघर तो बमुश्किल मिलते हैं। अच्छी लाइब्रेरी भी आसानी से उपलब्ध नहीं। ऐसा क्यों नहीं होता कि जहां बड़े-बड़े बाज़ार हो वहां एक अच्छी लाइब्रेरी भी हो। एक अच्छी किताबों की दुकान। सरकार सब्सिडी देकर इसे बढ़ावा भी दे सकती है। जैसे मेरा ख्याली पुलाव है एक ऐसी जगह बनाने का, जिसमें किताबें हों, चाय-कॉफी सर्व की जाए, अच्छा म्यूज़िक, अच्छा साहित्य, साफसुथरी जगह। पुराने कॉफीहाउस भी याद आ रहे हैं।  उन्हें बेहतर क्यों नहीं बनाया जा रहा।

अब ये तो प्रकाशक ही बेहतर बताएंगे मगर पुस्तक मेले में लोगों की अच्छी मौजूदगी होती है, किताबें भी खूब खरीदी जाती हैं, लोगों पर ये इल्जाम भी पूरा सही नहीं कि वो किताबों पर खर्च नहीं करते। पुस्तक मेले में शनिवार-रविवार को उमड़ती भीड़ क्या ये नहीं बताती कि हमें किताबों से प्यार है। सचमुच। हम किताबें पढ़ना चाहते हैं। किताबें हमारी दोस्त हैं। किताबें देखते-पढ़ते-समझते-ढूंढ़ते-ढूंढ़ते हम दोनों के पांव बुरी तरह थक गए। हॉल से बाहर निकल हमने कॉफी पी। पुस्तक मेले से मैं एक पोस्टर लेकर आई। अपने कमरे के दरवाजे पर इसे चस्पा कर दिया है। इसमें नाज़िम हिकमत की कविता दर्ज है....
पेड़ों पर गाते जा रहे हैं परिंदे
उनके पंखों में उड़ने की प्यास है..



15 January 2014

बीड़ी जलइले



शादीवाले घरों में अक्सर कमरे का बंटवारा कर दिया जाता है। पुरुषों के कमरे अलग। औरतों के कमरे अलग। वो औरतों का कमरा था। बिहार के लोग थे ज्यादातर। शादी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में थी। कमरे की दीवारों से लगे जमीन पर बिछे गद्दे। सब पर चादर-तकिए वगैरा लगे थे। उन पर टेक लगाए ज्यादातर बुढ़ियाएं। सब की सब बीड़ी सुलगा रही थी। कमरे में तंबाकू का धुआं, बीड़ी की गंध भरी हुई थी। माचिस के लिए एक आवाज़ उठती, उसी में दूसरा सुर लगता, फिर तीसरा, साथ में हंसी-ठठ्ठा। हर वक्त माचिस की खोज मची रहती। माचिसवा कहां गइल, माचिसवा ले आव रे...कहां मर गइल संजइया, मचिसवा काहे ना किन लइते, जा तनिक भाग के जा दुकनइया तइ त....। बुढ़ियाएं तुनकतीं और रसोई में खाना पका रही उनकी बहुएं उनसे ज्यादा। चूल्हा जलाने को माचिस नहीं बचता। लाइटर शायद वहां नहीं रहा होगा। बहुत ढूंढ़ढांढ़ कर कोई एक तीलीवाली माचिस की डिबिया मिलती तो सब उसी में बीड़ी सुलगाने को तैयार। लगता था पास की परचून की दुकान से सारी माचिस खरीद ली गई फिर भी कम पड़ गई होगी। हर वक्त कोई माचिस खरीदने दुकान की ओर गया होता। हर वक्त माचिस की खोज मची रहती।

यहां ये तो नहीं समझा जाएगा कि उन्हें बुढ़ियाएं कह सम्मान नहीं दिया जा रहा। दरअसल ससम्मान ये बिलकुल सटीक शब्द है कमरे के उस दृश्य के साथ उन सब के लिए। ज्यादातर की एकदम दुबली-पतली काया। सूती साड़ियों में लिपटी हुई। सब की लंबाई भी बहुत कम लग रही थी। चेहरा झुर्रियों से लिपटा हुआ, आंखें अंदर धंसी हुईं। सब की सब सत्तर पार की तो तय थी हीं, सौ की उम्र के नजदीक लग रही थीं।
फकाफक बीड़ी पीतीं जैसे हमारे यहां मेहमानों को चाय पूछी जाती है, वहां बीड़ी पूछी जा रही थी। जली-अधजली बीड़ियां जहां-तहां पड़ी थीं। सब बुढ़ियाएं लगातार बतियाए जा रही थीं। उनकी बातों का ज्यादातर हिस्सा समझ से बाहर था। लेकिन जो कुछ भी बोल रही थीं अच्छा लग रहा था। 


ये सबकुछ याद आया क्योंकि साल 2014 की रिपोर्ट बता रही है कि धूम्रपान के मामले में अमेरिका के बाद भारतीय महिलाएं दुनिया में दूसरे नंबर पर आ गई हैं। जबकि भारत में धूम्रपान करनेवाले पुरुषों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 1980 से 2012 के बीच सिगरेट पीनेवाले पुरुषों की संख्या 33.8 फीसद से घटकर 23 फीसद रह गई है।

सिगरेट, बीड़ी, धूम्रपान, आधुनिकता-स्वतंत्रता साबित करने के हथियार माने जाते रहे। स्त्रियों के लिए स्वायत्तता हासिल करने का ज़रिया भी। हमारे यहां अब भी स्त्रियों को बात-बात पर खुद को साबित करना होता है। मजबूत स्थिति में रह रही स्त्रियों की स्थिति भी इससे अलग नहीं। अपनी आज़ादी अब भी साबित करनी होती है। शायद इसलिए हमारे देश में सिगरेट पीनेवाली महिलाओं की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा हो। इस बात पर लगातार सोचते हुए मैंने यही पाया।वैसे मिज़ाज के लिहाज से भी कुछ इसका इस्तेमाल करती हैं जैसे कि सामान्यतया पुरुष।

नब्बे के दशक के शुरुआती दौर में, शादीवाले उस घर में, वरवधू को आशीर्वाद देने जुटीं वो बुढियाएं बरबस ही याद हो आईं। बीड़ी की गंध जिनकी सांसों में बंसी थी और तंबाकू जिनके कलेजे को सुखा रहा होगा। उनमें से ज्यादातर अब हमारे बीच न हों शायद। चूने से पुते सफेद दीवारों पर टेक लगाए औंधी बैठी हुई सब बुढ़ियाएं एक साथ किसी बात पर खिलखिला उठीं। जोरदार ठहाका लगाया, उनके ठहाकों में उनकी सांस खिंचती चली गई। कुछ ठहाके खांसी में तब्दील हो गए। उनके सामने साल 2014 ये रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी, अगर रखी भी गई होती तो दृश्य कुछ ऐसा ही होता।

वो फैशनपरस्ती, या अपनी आधुनिकता साबित करने के लिए पक्के तौर पर बीड़ी नहीं पीतीं थीं। 
हां ये सब लिखते-लिखते बीड़ी बनानेवाले मजदूरों का दर्द भी साल रहा है। शायद इसीलिए गीतकार गुलजार की लिखी पंक्तियां भी खूब भाती हैं...बीड़ी जलइले जिगर से पिया। बीड़ी-सिगरेट जिगर से जलते हैं, इनसे जिगर जलता है।




01 January 2014

साल की आखिरी रात





वो एक ख़ूबसूरत रात थी। साल 2002 की आखिरी रात। जो बस गुजरने को तैयार थी। जमा देनेवाली सर्दी फिज़ा को और ख़ूबसूरत बना रही थी। बोलो तो मुंह से भाप निकलता इसलिए बार-बार कुछ बोलने का जी चाहता। लेकिन बोलनेवाला कोई था ही नहीं। नई नौकरी, नया शहर, सारे अजनबी। एक लंबे ओवरकोट की जेब में हाथ डाले नोएडा की चौड़ी सड़क पर चल रही थी मैं।

रात कोई साढ़े नौ-दस बजे। लोग जश्न में व्यस्त थे। रास्ते में जगह-जगह लड़कों के झुंड थे। मस्ती से चहकते, यार-दोस्तों के साथ बतियाते हुए। बाज़ार में ख़ासी चहलपहल थी। मेरा दिल चाह रहा था यूं ही किसी एक कोने पर खड़ी हो जाऊं और बस सब कुछ देखूं, देखती रहूं, देरतक। देखूं कि लोग कैसे बातें कर रहे हैं। फूलवाले, मूंगफली वाले, जूस कॉर्नर, ग्रीटिंग्स कार्ड की दुकानें, गिफ्ट शॉप...।
दोस्तों के झुंड अपने छूटे शहर छूटे दोस्तों की याद दिला रहे थे। उनकी हंसी-ठहाकों में मेरी अदना सी चुप्पी चुपचाप घुसपैठ कर रही थी।

लखनऊ के अपने मोहल्ले से कोई पांच सौ किलोमीटर दूर नोएडा का एक तेज़तर्रार सेक्टर।  मैं अकेली रह रही थी और घरवालों से बाते करने के लिए पीसीओ बूथ तक आई थी। उस वक़्त मोबाइल क्रांति की शुरुआत हुई थी। मोबाइल हर जेब तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था। मेरी जेब तक अभी नहीं आया था।

तो मैं वहीं किसी लैंप पोस्ट पर टिककर सबकुछ देखना चाहती थी। लेकिन ये मुनासिब न लगा। गुटबाज़ियां कर रहे लोग एक लड़की को बाजार में चुपचाप यूं ही बर्दाश्त नहीं कर पाते। उनकी उठती-गिरती निगाहें, फब्तियां..।

मेरा मन कुछ बेचैन हुआ। मैं रुकना तो चाहती थी मगर लौट रही थी। ये सोचते हुए कि हर किसी की दुनिया अलग होती है। दुनिया एक नहीं है, एक ही दुनिया में कई-कई दुनिया हैं। इस वक़्त एक लड़की की दुनिया किसी लड़के की दुनिया से कितनी अलग है। लड़के बाज़ार में चौकड़ी जमाए हुए हैं। उनके झुंड के बगल से गुजरती लड़की यूं ही बगैरबात सिकुड़ सी जाती है, सहम सी जाती है। मैं दड़बे जैसे कमरे में न लौटकर इस रात को जी भरकर देखना चाहती थी। इस सर्दी का लुत्फ उठाना चाहती थी। दूर पार्क में चलते फव्वारे की मचलती बूंदों को देखना चाहती थी। आसमान में अपनी टिमटिमाहट बिखेरते तारों को निहारना चाहती थी।

कमरे का ताला खोलते हुए मैंने सोचा एक दिन ये सब बदल जाएगा। जिस तेज़ी से तरक्की रफ्तार पकड़ रही है, हमारा परिवेश बदल रहा है।  लड़कियां आज़ाद होंगी। खड़ी होंगी कभी किसी बाज़ार में, अकेले, यूं ही टहलती हुई। किसी चाय की दुकान पर चाय पीती हुई। रात दस बजे हों या ग्यारह बजे भी।  सारा वक़्त हमारा होगा, ढलती शाम उन्हें घर में रहने की नसीहत नहीं दी जाएगी।

2002 की उस आखिरी रात को याद करते हुए 2014 की सुबह में सोचती हूं, क्या कुछ बदला। हमारी दुनिया बदली। क्या अब मैं किसी बाज़ार, किसी भीड़भाड़ वाली जगह पर कुछ देर यूं ही टहल सकती हूं और कोई अश्लील जुमला मेरी तरफ न उछले, कोई गंदी निगाह मुझ पर न उठे। अपने पूरे सम्मान के साथ एक खूबसूरत रात में मैं यूं ही चहलकदमी कर सकती हूं। अफसोस...।

हां कुछ बदला तो ये कि 2002 के दिसंबर की उस आखिरी रात की तरह 2013 दिसंबर की आखिरी रात मेरा दिल कहीं बाहर निकलने को बिलकुल न था। इतने सालों की समझ, अनुभव, हलचल और नौकरी की थकान में, साल की आखिरी रात मैं सिर्फ अपने घर में, सोफे पर, कंबल ढांपकर, औंधी पड़ी रहना चाहती थी।

(चित्र गूगल से साभार)




16 October 2013

नया ज़माना-पुराना ज़माना


पुराना ज़माना धकियाता है
नए ज़माने को
नया इतराता है, चिढ़ाता है
पुराने ज़माने को
हमारे ज़माने में तो 
ये था-वो था
नया ज़माना ग़ौर से सुनता है
पुराने ज़माने को
नया ज़माना निकलता है जब
चमचमाती सड़क, चमचमाती गाड़ी में
पुराना ज़माना आहें भरता है
पुराना ज़माना चल लेता था कई कोस
यूं ही
नया ज़माना परचून की दुकान पर भी
गड्डी में जाता है
सुबह पहन के रिबॉक के जूते
टहलता है नया ज़माना
डायबटीज़, ब्लड प्रेशर से परेशान
नया ज़माना ट्रेड मिल पर पसीना निकालता है
पुराना ज़माना अंगोछे में पोंछता चलता था पसीना-पसीना
जब मिल बैठते हैं दोनों साथ
चौंकते हैं बात-बात पर
नया ज़माना-पुराना ज़माना

11 October 2013

कैसे जियें- किसी ने ख़त में मुझसे पूछा


विस्वावा शिम्बोर्स्का की कविताएं ब्लॉग्स पर और फिर जलसा में पढ़ी। वो मुझे बहुत  अच्छी लगती
हैं। उनसे मुलाकात उनकी कविताओं में ही हुई है। उनके बारे में अंतर्जाल पर और सामाग्री ढूढ़ूंगी। फिलहाल उनकी एक बहुत ज़रूरी कविता यहां पर। 



सदी के मोड़ पर

दूसरी सदियों से बेहतर होना था हमारी बीसवीं सदी को,
यह साबित करने का वक़्त भी अब इसके पास नहीं है।
कुछ ही साल की यह मेहमान है,
चाल लड़खड़ाहट भरी
सांस फूलती हुई।

जिसको बिलकुल नहीं होना था इस सदी में
उसकी बहुत ज्यादती रही
और जो होना था
रहा नदारद।

बहार आने को थी और
आने वाली थीं ख़ुशियां बाक़ी चीज़ों के साथ।

डर को छूमंतर हो जाना था परबतों और वादियों से।
सच को झूठ से आगे निकल जाना था।

चंद बदनसीबियां
हरगिज़ न दोहरायी जानी थीं--
जैसे भूख और जंग।

चंद चीज़ों को इज़्ज़त मिलनी थी--
बेसहारों को बेचारगी को
आस्था और भरोसे वग़ैरा को।

जो इस दुनिया का लुत्फ़ लेना चाहता है
असंभव को बुलावा दे रहा है।

हिमाकत में लुत्फ़ नहीं
न अक़्लमंदी में ख़ुशी।

आशा वह अल्हड़ छोकरी अब न रही अल्हड़
न छोकरी न आशा
इत्यादि। आह।

ईश्वर को अंतत: मनुष्य पर भरोसा होना था
एक अच्छे और ताक़तवर मनुष्य पर,
पर दो मनुष्य पाए गए अलग-अलग खड़े
एक अच्छा और एक ताक़तवर।

कैसे िजियें- किसी ने ख़त में मुझसे पूछा
जिससे मैं पूछने पूछने को थी बिलकुल
यही सवाल।

तो हस्बे-मामूल
यही ज़ाहिर हुआ कि दुनिया में
भोले-भाले सवालों से ज़्यादा ज़रूरी
नहीं कोई भी सवाल।

(चित्र गूगल से साभार)

06 October 2013

चेंद्रू मंडावी को हम शहरियों की श्रद्धांजलि




बस्तर के अबूझमाड़ के मुरिया आदिवासी चेंद्रू मंडावी के बारे में जानना, वो भी उनके चले जाने के बाद, ये गर्व और दुख दोनों से भरा है। और आंखें खोलनेवाला भी। सचमुच ये हम सब लोग किन चमचमाती चीजों के पीछे भाग रहे हैं। भाग भी रहे हैं और कहीं पहुंच भी नहीं रहे। सब बीमार है। मोगली, जंगल ब्वॉय और भरत जैसे नामों से जाने गए चेंद्रू मंडावी। इन पर 75 मिनट की स्वीडिश फिल्म बनी, एन डी जंगल सागा, और उसका अंग्रेजी संस्कर- द फ्लूट एंड द एरो। शेर के साथ खेलनेवाला ये लड़का अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक जाना गया। शेर से खेलनेवाले इस साहसी बच्चे से विदेशों से लोग मिलने आते, फोटो खिंचवाते। चेंद्रू मंडावी ने मुफलिसी में पूरी ज़िंदगी गुजार दी। उनकी मौत पर भी हमारे मीडिया में कोई सुगबुगाहट नहीं। अपराधी(जो सिद्ध होने में सालों-साल लग जाते हैं) न्यूज चैनलों पर छाए रहते हैं। उन पर बड़े-बड़े प्रोग्राम बन रहे हैं। ये भी जानना सुखद हैरतभरा था कि  फेसबुक पर चेंद्र की बीमारी की खबर पाकर एक जापानी युवती ने मदद के लिए डेढ़ लाख भेजे, जबकि बस्तर के प्रशासन से चेंद्रू मदद मांगते रहे, मगर नहीं मिली। आदिवासी चेंद्र मंडावी को हम शहरियों की श्रद्धांजलि।